फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 मई 2026 भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर की विशेष पहल पर विकास खंड कमालगंज परिसर में आमजन के लिए निःशुल्क प्याऊ व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। इस जनहितकारी पहल का उद्देश्य राहगीरों, ग्रामीणों एवं क्षेत्रीय नागरिकों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराकर गर्मी से राहत प्रदान करना है।
प्याऊ व्यवस्था का शुभारंभ जिला विकास अधिकारी श्री एस०के० तिवारी एवं खंड विकास अधिकारी श्री अनिल चंद्र द्वारा किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने जिलाधिकारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के दौरान इस प्रकार की व्यवस्थाएं आमजन के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होंगी।
जिला विकास अधिकारी श्री एस०के० तिवारी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे लोगों को आसानी से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इस व्यवस्था के सुचारु संचालन में सहयोग करने की अपील भी की।
खंड विकास अधिकारी श्री अनिल चंद्र ने बताया कि विकास खंड परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अन्य नागरिक विभिन्न कार्यों से आते हैं। ऐसे में गर्मी के मौसम में उन्हें राहत प्रदान करने के उद्देश्य से यह प्याऊ शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान विकास खंड के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने प्रशासन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
