फर्रुखाबाद:कढ़हार में निःशुल्क वृद्धावस्था स्वास्थ्य शिविर आयोजित, 108 मरीजों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 मई 2026 राजेपुर ब्लॉक के गांव कढ़हार स्थित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय परिसर में आज राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय कढ़हार द्वारा निःशुल्क वृद्धावस्था स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श का लाभ उठाया।

शिविर में चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र सिंह ने कुल 108 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिनमें 41 पुरुष एवं 67 महिलाएं शामिल रहीं। सभी मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार निःशुल्क होम्योपैथिक दवाएं वितरित की गईं।

स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान मरीजों का वजन, तापमान, ऑक्सीजन स्तर, हार्ट रेट, श्वसन क्रिया एवं ब्लड प्रेशर आदि की जांच की गई। शिविर में उपस्थित लोगों को होम्योपैथिक दवाओं के सही सेवन की जानकारी भी दी गई।

इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह ने लोगों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि व्यक्ति को अपने आसपास के वातावरण के साथ-साथ स्वयं की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने उचित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित योग एवं व्यायाम करने की सलाह भी दी।

भीषण गर्मी को देखते हुए चिकित्साधिकारी ने लोगों को जरूरी सावधानियां बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि गर्मी में बाहर निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर ही घर से निकलें तथा हल्के एवं सफेद रंग के वस्त्र पहनें। साथ ही बाजार में खुले में बिकने वाले मैदा, रिफाइंड एवं हानिकारक रंगों से बने खाद्य पदार्थों के सेवन से बचने की सलाह दी।

ग्रामीणों ने इस स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए इसे जनहित में उपयोगी पहल बताया।