फर्रुखाबाद:कैडेट्स को जिम्मेदार और अनुशासित बनाते हैं एनसीसी शिविर, फतेहगढ़ में शुरू हुआ संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-32 एवं इंटर ग्रुप शूटिंग प्रतियोगिता

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 18 मई 2026 राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के तत्वावधान में 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ द्वारा संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-32 एवं इंटर ग्रुप शूटिंग प्रतियोगिता (CATC-32) का शुभारंभ पूरे सैन्य अनुशासन और उत्साह के साथ आरआरसी साइट-3 फतेहगढ़ में किया गया। शिविर का आयोजन 12 यूपी बटालियन एनसीसी फतेहगढ़ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल ए एस मलिक (वीएसएम) के निर्देशन में किया जा रहा है।

इस इंटर ग्रुप शूटिंग प्रतियोगिता प्रशिक्षण शिविर में अलीगढ़ ग्रुप की विभिन्न बटालियनों से 17-17 एनसीसी बॉयज एवं गर्ल्स कैडेट प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में सभी बटालियनों के कैडेट्स के बीच निशानेबाजी मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। शिविर में 3 यूपी बटालियन अलीगढ़, 4 यूपी गर्ल्स बटालियन फतेहगढ़, 8 यूपी बटालियन अलीगढ़, 9 यूपी बटालियन हाथरस, 10 यूपी बटालियन मथुरा, 11 यूपी बटालियन मथुरा, 39 यूपी बटालियन खुर्जा तथा 12 यूपी बटालियन फतेहगढ़ के कुल 174 एनसीसी बॉयज एवं गर्ल्स कैडेट्स हिस्सा ले रहे हैं।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान श्रेष्ठ निशानेबाजों का चयन किया जाएगा, जो आगे इंटर डायरेक्टरेट शूटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। शिविर में कैंप कमांडेंट के रूप में कर्नल ए एस मलिक तथा डिप्टी कैंप कमांडेंट एवं एडम अफसर के रूप में कर्नल अमनदीप सिंह खरौड जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

कैंप संचालन की संपूर्ण व्यवस्था सूबेदार मेजर नवीन कुमार को सौंपी गई है। वहीं कैंप एडजूटेंट का दायित्व कैप्टन बलविंदर सिंह, कैंप ट्रेनिंग ऑफिसर एवं मीडिया मैनेजर का दायित्व कैप्टन गिरिजा शंकर तथा कैंप क्वार्टर मास्टर ऑफिसर का दायित्व थर्ड ऑफिसर नरेंद्र कुमार को सौंपा गया है। ट्रेनिंग जेसीओ के रूप में सूबेदार गिरिराज किशोर एवं ट्रेनिंग एनसीओ के रूप में हवलदार डीके मिश्रा को नियुक्त किया गया है।

शिविर में प्रशिक्षक पीआई स्टाफ द्वारा कैडेट्स को साहस, अनुशासन और उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रशिक्षण दिया जाएगा। विभिन्न बटालियनों से पहुंचे कैडेट्स का बायोमेट्रिक पंजीकरण जोगेंद्र सिंह एवं श्रीमती इंद्रेश यादव द्वारा किया गया।

इस अवसर पर कैंप कमांडेंट कर्नल ए एस मलिक ने कहा कि एनसीसी शिविर युवाओं को अनुशासित, जिम्मेदार और सक्षम नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण शिविर कैडेट्स के व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता को निखारने में मील का पत्थर साबित होगा।