फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 मई 2026 मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत थाना मेरापुर पुलिस द्वारा छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, जागरूकता एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रेरित करने हेतु विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों 1090, 112, 181 एवं साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा, यातायात नियमों एवं कानून व्यवस्था के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
विद्यालय प्रशासन ने थाना मेरापुर पुलिस के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी सिद्ध होते हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की और पुलिस अधिकारियों से विभिन्न प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त की।
