फर्रुखाबाद:पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता को लेकर प्रशासन सख्त, 40 लाख से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 मई 2026 जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति, वन बन्दोबस्त समिति एवं आर्द्रभूमि समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण अभियान और गंगा स्वच्छता से जुड़े विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) ने जानकारी दी कि शासन द्वारा जनपद फर्रुखाबाद के लिए वर्ष 2026 हेतु कुल 40,82,488 पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें वन विभाग को 21 लाख पौधे लगाने तथा अन्य विभागों को 19,82,488 पौधारोपण का लक्ष्य सौंपा गया है।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन विभागों द्वारा अभी तक कार्ययोजना, स्थल चयन एवं गड्ढा खुदान संबंधी जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है, वे 30 मई 2026 तक अनिवार्य रूप से सूचना उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि वृक्षारोपण अभियान समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।

गंगा स्वच्छता अभियान की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने गंगा नदी में गिरने वाले नालों को टैग करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने बीबीगंज नाला हेतु पम्पिंग स्टेशन स्थापित करने तथा सोताबहादुरपुर नालों को 30 एमएलडी क्षमता में टैप करने के लिए गंगा प्रदूषण जल निगम को प्रस्ताव भेजने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने गंगा घाटों पर कार्यरत नाविकों, गोताखोरों, पंडा-पुजारियों एवं दुकानदारों का शीघ्र पंजीकरण कराने तथा सभी पंजीकृत व्यक्तियों का पुलिस सत्यापन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

बैठक में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद के सभी चिकित्सालयों में जैव चिकित्सा अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग राजीव कुमार, परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण कपिल कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।