फर्रुखाबाद:रेड क्रॉस सोसाइटी की मासिक बैठक संपन्न, अस्पतालों को बनाया जाएगा संस्थागत सदस्य

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 मई 2026 जिलाधिकारी डॉ.अंकुर लाठर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा फर्रुखाबाद की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2025-26 के दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित गतिविधियों, स्वास्थ्य सेवाओं एवं जनहित से जुड़े कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी मानवीय सेवा, आपदा प्रबंधन और स्वास्थ्य संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने निर्देश दिए कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं और जागरूकता कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाने के लिए रेड क्रॉस की गतिविधियों को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाए।

बैठक के दौरान जनपद के सभी सरकारी एवं निजी अस्पतालों तथा नर्सिंग होम को रेड क्रॉस सोसाइटी का संस्थागत सदस्य बनाए जाने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं, रक्तदान, आपदा प्रबंधन एवं जनसेवा कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा रेड क्रॉस की गतिविधियों का विस्तार होगा।

विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने जनपद के सभी विद्यालयों में एनीमिया स्क्रीनिंग एवं निःशुल्क मेडिकल कैंप आयोजित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में खून की कमी की समय पर पहचान कर उपचार सुनिश्चित किया जाए, जिससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

बैठक में एनीमिया एवं टीबी के प्रति व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों पर एनीमिया जागरूकता से संबंधित विशेष काउंटर स्थापित किए जाएं तथा पोस्टर एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाए। साथ ही टीबी उन्मूलन अभियान को प्रभावी बनाने हेतु स्वास्थ्य विभाग एवं रेड क्रॉस के संयुक्त प्रयासों पर बल दिया गया।

इस दौरान डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में ब्लड स्टोरेज एवं जांच संबंधी अनियमितताओं की प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल जांच के आदेश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया कि मामले की विस्तृत जांच कर सात दिवस के भीतर आख्या प्रस्तुत की जाए तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में रेड क्रॉस स्वयंसेवकों की सिविल डिफेंस टीम गठित करने एवं बालिकाओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शीघ्र प्रारंभ करने पर भी सहमति बनी। जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा अथवा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। साथ ही बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनाया जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, सिविल डिफेंस चीफ वार्डन सहित रेड क्रॉस सोसाइटी के उप सभापति शीश मेहरोत्रा, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, कौशल्या गिरी, आयुषीमेंद्र परिहार, अमित सक्सेना सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।