फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 मई 2026 जनपद के कायमगंज क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार और ओवरलोड बालू से भरे डंपर ने एक छात्रा को कुचल दिया। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसका हाथ और पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने डंपर के परिचालक को पकड़कर जमकर पीट दिया।जानकारी के अनुसार कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव मझोला निवासी 17 वर्षीय हिमांशी पुत्री नेत्रपाल साइकिल से दवा लेने कायमगंज जा रही थी। उसके साथ उसका चचेरा भाई निखिल भी दूसरी साइकिल पर मौजूद था। बताया गया कि जैसे ही दोनों अलीगंज रोड पर रेलवे क्रॉसिंग पार कर स्टेशन के पास स्थित ठेका के निकट पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार में आए बालू से लदे डंपर संख्या यूपी 82 एटी 5751 ने हिमांशी की साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि हिमांशी सड़क पर गिर गई और डंपर का पहिया उसके हाथ और पैर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसका भाई बाल-बाल बच गया। छात्रा की साइकिल भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।घटना के बाद चालक मौके से डंपर छोड़कर फरार हो गया, लेकिन परिचालक ऋषभ निवासी एटा को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया।सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और डंपर को कब्जे में लेकर परिचालक को हिरासत में ले लिया। घायल परिचालक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।बताया गया कि घायल हिमांशी नगर के कन्या विद्यापीठ इंटर कॉलेज में कक्षा 10 की छात्रा है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।स्थानीय लोगों ने बताया कि अलीगंज मार्ग पर ओवरलोड बालू डंपर दिनभर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि डंपर और परिचालक को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि फरार चालक की तलाश जारी है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फर्रुखाबाद: कायमगंज में दर्दनाक हादसा ओवरलोड बालू डंपर ने छात्रा को रौंदा, हालत नाजुक
