फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 मई 2026 जनपद के थाना राजेपुर क्षेत्र के चाचूपुर जटपुरा गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बृजेश लोधी का शव शराब ठेके के पास पुलिया के नीचे नाले में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना के बाद परिजनों ने शराब ठेके के सेल्समैन पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है।
मामले की जानकारी मिलते ही गांव में भारी संख्या में ग्रामीण और महिलाएं एकत्र हो गईं। आक्रोशित ग्रामीणों ने शराब ठेका हटाने की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। इससे मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और पुलिस प्रशासन को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
ग्रामीणों का आरोप है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने दबिश के नाम पर महिलाओं के साथ अभद्रता की और पुरुष पुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं पर लाठीचार्ज किया गया। घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले को लेकर आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि बहुजन बस्तियों में बड़े पैमाने पर शराब और नशे के ठेके खोले जा रहे हैं, जिससे सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब स्थानीय लोग इन ठेकों के विरोध में आंदोलन करते हैं तो उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं।
पार्टी नेताओं ने प्रदेश सरकार से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, महिलाओं पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई तथा गांव के पास स्थित शराब ठेके को तत्काल हटाने की मांग की है।
इस दौरान जिला अध्यक्ष पंकज कुमार, पूर्व जिला अध्यक्ष नितिन कुमार गौतम, जिला प्रभारी संदीप कुमार, पूर्व महासचिव उमेश कुमार गौतम, पूर्व जिला संयोजक अतुल कठेरिया, जिला प्रभारी योगेंद्र सिंह, जिला उपाध्यक्ष महाप्रताप सिंह, अंकित कुमार, नगर अध्यक्ष यतेंद्र कुमार, ओंकार सिंह, कार्तिक कुमार, दिलीप कुमार, आशु गौतम, श्याम गौतम विधानसभा अध्यक्ष भोजपुर, दीपक कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
