फर्रुखाबाद में बढ़े सर्किल रेट, जिलाधिकारी ने 1 मई 2026 से नई मूल्यांकन सूची लागू की

 
फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 मई 2026 जनपद में जिलाधिकारी महोदया द्वारा सर्किल रेट की मूल्यांकन सूची का पुनरीक्षण करते हुए नई दरें 1 मई 2026 से प्रभावी कर दी गई हैं। इस संबंध में 8 मई 2026 को आदेश जारी किया गया।जानकारी के अनुसार जनपद में पिछले तीन वर्षों से कृषि भूमि की सर्किल दरों में कोई वृद्धि नहीं की गई थी, जबकि इस अवधि में भूमि के बाजार मूल्य में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई। वर्तमान परिस्थितियों और भूमि मूल्यों में आई तेजी को देखते हुए प्रशासन ने सर्किल रेट में संशोधन का निर्णय लिया है।विशेष रूप से प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेस-वे” के प्रस्तावित निर्माण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन का मानना है कि आने वाले समय में भूमि के विक्रय मूल्यों में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। इसी को आधार बनाते हुए जिलाधिकारी महोदया द्वारा वर्तमान सर्किल रेट में सामान्य रूप से 10 प्रतिशत से 20 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है।इसके अतिरिक्त हाल के वर्षों में नगर पंचायतों में शामिल किए गए ग्रामों में सर्किल रेट में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। प्रशासन का कहना है कि नई दरें वर्तमान बाजार मूल्य के अनुरूप तय की गई हैं ताकि राजस्व व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और व्यावहारिक बनाया जा सके।नई सर्किल दरें लागू होने के बाद भूमि खरीद-फरोख्त, रजिस्ट्री और स्टांप शुल्क पर सीधा प्रभाव पड़ेगा। वहीं, एक्सप्रेस-वे परियोजना से जुड़े क्षेत्रों में जमीनों के दामों में आगे और तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।