फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 मई 2026 अंकुर लाठर ने जनगणना-2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए जनपदवासियों से इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। उन्होंने स्वयं ऑनलाइन प्रक्रिया में भाग लेकर लोगों को जागरूक किया और बताया कि प्रदेश में जनगणना-2027 की प्रक्रिया 07 मई 2026 से प्रारंभ हो चुकी है।जिलाधिकारी ने बताया कि नागरिक 21 मई 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए जनगणना निदेशालय द्वारा उपलब्ध पोर्टल se.census.gov.in का उपयोग किया जा सकता है। यह सुविधा पूरी तरह वैकल्पिक है। जो लोग स्व-गणना नहीं कर पाएंगे, उनके घर 22 मई 2026 से जनगणनाकर्मी पहुंचकर जानकारी एकत्र करेंगे।उन्होंने बताया कि स्व-गणना के लिए नागरिक मोबाइल फोन या लैपटॉप के माध्यम से पोर्टल पर जाकर प्रदेश का चयन करें और कैप्चा कोड भरें। इसके बाद परिवार पंजीकरण की प्रक्रिया में परिवार के मुखिया का नाम, मोबाइल नंबर और उपलब्ध होने पर ईमेल आईडी दर्ज करनी होगी। एक मोबाइल नंबर केवल एक परिवार के लिए मान्य होगा तथा परिवार मुखिया का नाम बाद में बदला नहीं जा सकेगा।ओटीपी सत्यापन के बाद नागरिकों को भाषा का चयन कर जिला, पिनकोड और गांव या शहर की जानकारी भरनी होगी। इसके साथ ही मानचित्र पर अपने घर का सही स्थान चिह्नित करना होगा तथा मकान और परिवार से संबंधित सभी जानकारियां दर्ज करनी होंगी। अंतिम सबमिट से पहले सभी प्रविष्टियों की जांच करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, क्योंकि एक बार फार्म जमा होने के बाद उसमें संशोधन संभव नहीं होगा।फार्म सफलतापूर्वक जमा होने पर नागरिकों को ‘H’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की स्व-गणना पहचान संख्या प्राप्त होगी। जिलाधिकारी ने कहा कि इस संख्या को सुरक्षित रखना आवश्यक है, क्योंकि 22 मई के बाद जब जनगणनाकर्मी घर आएंगे तो यह संख्या उन्हें दिखानी होगी।जनगणना फार्म में कुल 34 प्रश्न शामिल किए गए हैं। इनमें मकान की स्थिति, दीवार, छत और फर्श की सामग्री, परिवार के सदस्यों की संख्या, परिवार मुखिया का नाम, लिंग, सामाजिक वर्ग, पेयजल, बिजली, शौचालय, रसोई, एलपीजी/पीएनजी गैस कनेक्शन, मोबाइल, इंटरनेट, टीवी, कंप्यूटर और वाहनों संबंधी जानकारी मांगी जाएगी। पहली बार परिवार में उपयोग होने वाले मुख्य अनाज से संबंधित जानकारी भी शामिल की गई है।जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करें और सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य कानूनी रूप से अनिवार्य है और गलत जानकारी देने अथवा जानकारी देने से इंकार करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा सकती है।
फर्रुखाबाद में स्व-गणना प्रक्रिया शुरू, 21 मई तक ऑनलाइन भर सकेंगे जानकारी
