फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 06 मई 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) फर्रुखाबाद के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने लिंक एक्सप्रेसवे में जा रही जमीनों के मुद्दे को लेकर किसानों के साथ विभिन्न गांवों में बैठकें कीं। यह बैठकें ग्राम सभा नीमकरोरी, गुतासी और आकलगंज में आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर एकजुटता का संकल्प लिया।बैठकों को संबोधित करते हुए अजय कटियार ने स्पष्ट किया कि किसान एक्सप्रेसवे के निर्माण के विरोध में नहीं हैं, बल्कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया, अव्यवस्थित तरीके से बनाए जा रहे कट और आबादी के बीच से मार्ग निकाले जाने का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिन किसानों की जमीन एक्सप्रेसवे में जा रही है, उन्हें वर्तमान बाजार दर का चार गुना मुआवजा दिया जाना चाहिए।उन्होंने तर्क देते हुए कहा कि जब एक्सप्रेसवे निर्माण में उपयोग होने वाला मैटेरियल, इंजीनियरिंग और टोल टैक्स आज के बाजार भाव के अनुसार तय किए जा रहे हैं, तो किसानों को भी उनकी जमीन का उचित मूल्य मिलना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने मांग रखी कि एक्सप्रेसवे के कट समानांतर बनाए जाएं और जिन गांवों के बीच से मार्ग प्रस्तावित है, उसे आबादी से दूर किया जाए।कटियार ने चेतावनी दी कि यदि जिला प्रशासन किसानों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करता है, तो 15 मई को किसान नेता बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की पुण्यतिथि पर जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस आंदोलन में बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टरों सहित भाग लेंगे।बैठकों में मौजूद किसानों ने एक स्वर में आंदोलन की तैयारी शुरू करने का निर्णय लिया। इस दौरान जिला महासचिव अभय यादव, जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, जिला सचिव पुजारी कटियार, मोहम्मदाबाद ब्लॉक अध्यक्ष बड़े यादव, अजीत सोमवंशी, रामनरेश यादव, संजीव गंगवार सहित अनेक किसान उपस्थित रहे।
फर्रुखाबाद:15 मई से मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी, किसानों ने भरी हुंकार
