फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मई 2026 पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पश्चिम बंगाल और असम में भाजपा की जीत तथा पांडिचेरी में भाजपा गठबंधन की सफलता के अवसर पर आवास विकास तिराहे पर भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित हुए।जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद मुकेश राजपूत, सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील कुमार शाक्य समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद”, “अमित शाह जिंदाबाद” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों के साथ जीत का जश्न मनाया। इस दौरान आतिशबाजी की गई और मिष्ठान के साथ झालमूढ़ी का वितरण किया गया।जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि चुनाव परिणामों ने स्पष्ट कर दिया है कि पश्चिम बंगाल की जनता ममता बनर्जी सरकार के कुशासन और भ्रष्टाचार से त्रस्त हो चुकी थी। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने 2016 में 3 सीट, 2021 में 77 सीट और अब 2026 में करीब 200 सीटों पर जीत हासिल कर प्रचंड बहुमत की ओर कदम बढ़ाया है। उन्होंने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी कार्यकर्ताओं को दिया।सांसद मुकेश राजपूत ने कहा कि भाजपा अपनी विचारधारा और सिद्धांतों पर अडिग रहते हुए लंबे संघर्ष के बाद इस मुकाम तक पहुंची है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और सुशासन की नीतियों ने जनता का विश्वास जीता है। साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।कार्यक्रम में प्रदेश सहसंयोजक (पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ) वीरेंद्र सिंह राठौड़, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, पूर्व जिला महामंत्री डीएस राठौर, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की।
फर्रुखाबाद: पांच राज्यों के चुनाव परिणाम पर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह, आतिशबाजी व मिष्ठान वितरण कर मनाई खुशी
