फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 04 मई 2026 प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आज फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर अहम बैठक हुई। इस दौरान सांसद मुकेश राजपूत, विधायक सुशील शाक्य, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, सदस्य विधान परिषद एवं युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष प्रांशु दत्त द्वितीय तथा पार्टी जिलाध्यक्ष फ़तहचन्द्र वर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की।बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण से जुड़े किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि किसानों की जमीन के सर्किल रेट में वृद्धि की जाए, ताकि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसी भी किसान को आर्थिक नुकसान न उठाना पड़े।जनप्रतिनिधियों ने बताया कि कई स्थानों पर वर्तमान सर्किल रेट बाजार मूल्य से कम हैं, जिससे किसानों में असंतोष की स्थिति बन रही है। ऐसे में उचित मुआवजा सुनिश्चित करना आवश्यक है, जिससे विकास कार्यों के साथ-साथ किसानों के हितों की भी रक्षा हो सके।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि सरकार किसानों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और इस विषय पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में किसानों के अधिकारों की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी।बैठक के बाद जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही इस दिशा में सकारात्मक निर्णय लेगी, जिससे किसानों को न्यायपूर्ण मुआवजा मिल सके और परियोजना का कार्य भी सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।
फर्रुखाबाद: मुख्यमंत्री से मिले जनप्रतिनिधि, लिंक एक्सप्रेसवे के भूमि अधिग्रहण पर किसानों की समस्याएं उठाईं
