गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) गोला नगर के त्रिलोक गिरी मार्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों में गोवंश पशु की स्थिति दिन-प्रतिदिन चिंताजनक होती जा रही है। देर रात के बाद गोवंश पशु समूह बनाकर नगर व ब्लॉकों की सड़कों, चौराहों और हाईवे पर बैठे नजर आते हैं जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। कई बार गोवंश पशु वाहनों से टकराकर घायल हो जाते हैं वहीं कुछ खुले नालों में गिरकर तड़प-तड़प कर अपनी जान गंवा देते हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर भारतीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष अनूप गुप्ता ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी व ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार एवं भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ जांचकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अनूप गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार गोवंश पशु संरक्षण के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है लेकिन इसके बावजूद गोवंशों पशु को हर मौसम में सड़कों पर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि इस संबंध में कई बार उपजिलाधिकारी महोदया गोला को ज्ञापन सौंपा जा चुका है लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय बजरंग दल द्वारा बड़ा आंदोलन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संगठन सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल भी करेगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी शासन व प्रशासन की होगी।
लखीमपुर खीरी : भारतीय बजरंग दल ने गोवंश के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ पत्र भेजकर डीएम से की कार्यवाही की मांग
