फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 29 अप्रैल 2026 जनपद में नगर मजिस्ट्रेट पद रिक्त होने से प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस संबंध में अधिवक्ता लक्ष्ण सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर शीघ्र नियुक्ति की मांग की है।प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि नगर मजिस्ट्रेट पद पर कार्यरत रहे श्री संजय कुमार बंसल का 3 अप्रैल 2026 को आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से यह महत्वपूर्ण पद खाली है, जिसके चलते विनियमित क्षेत्र से जुड़े कई मामलों का निस्तारण लंबित पड़ा हुआ है। साथ ही भवनों के मानचित्रों की स्वीकृति भी प्रभावित हो रही है, जिससे आम नागरिकों और निर्माण कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है।अधिवक्ता लक्ष्ण सिंह ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि वह इस विषय में प्रदेश शासन को पत्र लिखकर जल्द से जल्द किसी सक्षम अधिकारी की नियुक्ति सुनिश्चित कराएं, ताकि लंबित कार्यों को गति मिल सके और प्रशासनिक व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो।इसके अतिरिक्त प्रार्थना पत्र में नगर मजिस्ट्रेट कार्यालय में जूनियर इंजीनियर (जेई) के पद पर कई वर्षों से स्थायी नियुक्ति न होने का मुद्दा भी उठाया गया है। वर्तमान में पीडब्ल्यूडी के जेई से कार्य लिया जा रहा है, जिससे दोनों विभागों के कार्यभार पर असर पड़ रहा है और दैनिक कार्यों में देरी हो रही है।अंत में अधिवक्ता ने मांग की है कि नगर मजिस्ट्रेट पद के साथ-साथ जेई के पद पर भी स्थायी नियुक्ति के लिए शासन स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे जनपद में प्रशासनिक कार्यों की गति और पारदर्शिता बनी रह सके।
फर्रुखाबाद में नगर मजिस्ट्रेट पद रिक्त, लंबित कार्यों पर असर; नियुक्ति की उठी मांग
