फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 अप्रैल 2026 भारतीय जनता पार्टी की ओर से आगामी 29 अप्रैल को प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हरदोई रैली को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को आवास विकास स्थित भाजपा जिला मुख्यालय पर जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी ने तैयारियों की समीक्षा की।बैठक में जानकारी दी गई कि 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और इसके उपलक्ष्य में हरदोई जनपद के मल्लावां में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इस रैली में फर्रुखाबाद से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाई गई है।प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी ने बताया कि जनपद से करीब 15 हजार कार्यकर्ताओं को रैली में पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रत्येक मंडल स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। बसों से जाने वाले कार्यकर्ता हुल्लापुर चौराहे से प्रस्थान करेंगे, जबकि निजी वाहनों से जाने वाले कार्यकर्ता कन्नौज मार्ग से मल्लावां पहुंचेंगे। सभी कार्यकर्ताओं के भोजन की भी समुचित व्यवस्था की गई है।इसके अलावा बैठक में संगठनात्मक कार्यक्रमों पर भी चर्चा की गई। बताया गया कि नवनियुक्त जिला कार्य समिति की बैठक 1 मई से 5 मई के बीच आयोजित की जाएगी। इसके बाद 15 मई के पश्चात जिला प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन होगा, जो दो दिवसीय रहेगा। इस प्रशिक्षण वर्ग में जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और सदस्यों को पार्टी के विस्तार और कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के लिए प्रदेश संगठन की ओर से वक्ताओं की नियुक्ति की जा चुकी है, जबकि तिथियों की औपचारिक घोषणा शीघ्र की जाएगी।जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि हरदोई के मल्लावां में होने वाली प्रधानमंत्री की रैली को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।बैठक में आलू विपणन संघ के सभापति विमल कटिहार, जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, गोपाल राठौड़, जिला उपाध्यक्ष अनुराग दुबे, अभिषेक बाथम, जिला मंत्री अभिषेक बाजपेई, जिला कोषाध्यक्ष संजीव गुप्ता, पंकज पाल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला महामंत्री कृष्ण मुरारी राजपूत और जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
फर्रुखाबाद: हरदोई रैली की तैयारी में जुटी भाजपा, 15 हजार कार्यकर्ताओं को पहुंचाने का लक्ष्य
