फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 अप्रैल 2026 शमशाबाद में गंगा कटरी क्षेत्र के समैचिपुर चितार गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों को बेघर कर दिया। चूल्हे से निकली एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और 11 झोपड़ियां जलकर पूरी तरह राख हो गईं। इस आगजनी में नगदी, अनाज, कपड़े और घरेलू सामान सहित लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाढ़ प्रभावित परिवार अस्थायी झोपड़ियां बनाकर गांव में रह रहे थे। सुबह खाना बनाते समय एक झोपड़ी में चूल्हे से निकली चिंगारी गिर गई, जिसने तेज हवा के चलते कुछ ही मिनटों में आसपास की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना के दौरान गांव में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक 11 झोपड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं। आग की चपेट में आने से दो मवेशी भी झुलस गए, जिससे पीड़ित परिवारों का नुकसान और बढ़ गया।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने पुलिस बल के साथ हालात का जायजा लिया और तत्काल फायर ब्रिगेड, पशु चिकित्सा विभाग तथा राजस्व विभाग को सूचित किया। प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
इस हादसे के बाद प्रभावित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द राहत सामग्री और उचित मुआवजा देने की मांग की है। वहीं, स्थानीय प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पीड़ितों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
