मैनपुरी में परा विधिक स्वयंसेवकों का क्लस्टर प्रशिक्षण शुरू, फर्रुखाबाद सहित कई जिलों की सहभागिता

मैनपुरी:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 अप्रैल 2026 परा विधिक स्वयंसेवकों (अधिकार मित्रों) के सशक्तिकरण और उनके कौशल विकास के उद्देश्य से मैनपुरी में क्लस्टर आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में फर्रुखाबाद, कासगंज, एटा, इटावा सहित विभिन्न जनपदों के करीब 160 परा विधिक स्वयंसेवकों ने प्रतिभाग किया। यह प्रशिक्षण उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) मैनपुरी द्वारा संवर्धन योजना के अंतर्गत आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मैनपुरी के अध्यक्ष रूपेश रंजन ने किया। इस अवसर पर उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में फर्रुखाबाद DLSA के सचिव युगल शंभू, मैनपुरी के प्रभारी सचिव विमलेश सरोज, इटावा की सचिव आरती दुबे, एटा की सचिव तुषारिका सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न जनपदों के परा विधिक स्वयंसेवकों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें फर्रुखाबाद के राजीव कुमार, प्रमोद कुमार, मैनपुरी के राम रतन सिंह, ग्रीशा यादव, एटा के दीपेश कुमार और पूनम यादव प्रमुख रहे।

जनपद न्यायाधीश रूपेश रंजन ने अपने संबोधन में कहा कि परा विधिक स्वयंसेवक समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्वयंसेवकों से विशेष रूप से कमजोर वर्ग को कानूनी रूप से जागरूक करने और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय रहने का आह्वान किया।

फर्रुखाबाद DLSA के सचिव युगल शंभू ने कहा कि स्वयंसेवकों को कानून और न्यायिक प्रणाली की जानकारी के साथ-साथ आपसी विवादों को सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने के लिए भी प्रशिक्षित किया जाना आवश्यक है।

कार्यक्रम का संचालन बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा ने किया। वहीं, मैनपुरी DLSA की प्रभारी सचिव विमलेश सरोज ने नालसा की विभिन्न योजनाओं, वरिष्ठ नागरिक योजना तथा मानव तस्करी एवं व्यावसायिक यौन शोषण के पीड़ितों के लिए संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में एटा, इटावा, कासगंज और मैनपुरी के जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों ने भी अपने-अपने अनुभव साझा किए और नालसा की जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर फर्रुखाबाद DLSA कार्यालय के लिपिक राम सिंह मौर्य, विशाल राजपूत तथा परा विधिक स्वयंसेवक हेतराम, अनुज, राजीव, संजेश, यशपाल, गौरव कुमार, प्रियम, सत्यपाल सहित विभिन्न जनपदों के कई स्वयंसेवक उपस्थित रहे।