फर्रुखाबाद:होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम सख्त, केंद्रों पर क्लॉक रूम, हेल्प सेंटर व मेडिकल कैम्प अनिवार्य

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अप्रैल 2026 जनपद में आगामी 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर नवागत जिलाधिकारी डॉ० अंकुर लाठर ने तैयारियों की व्यापक समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने परीक्षा को निष्पक्ष, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए क्लॉक रूम की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि अभ्यर्थी अपने सामान को सुरक्षित रख सकें। इसके साथ ही बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों की सहायता के लिए बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन पर हेल्प सेंटर स्थापित किए जाएं, जहां उन्हें परीक्षा केंद्र तक पहुंचने सहित आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।

स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर भी जिलाधिकारी ने विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मेडिकल कैम्प अनिवार्य रूप से स्थापित किए जाएं और ओआरएस (ORS) व जीवन रक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखा जाए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत चिकित्सा सहायता प्रदान की जा सके।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), समस्त उपजिलाधिकारी एवं परीक्षा से संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और अभ्यर्थियों की सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।