फर्रुखाबाद:“नई जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर का एक्शन मोड: शिकायतों का होगा तुरंत निस्तारण, लापरवाहों पर सख्ती”

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 21 अप्रैल 2026 नवागत जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कोषागार फतेहगढ़ पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी पीड़ित को अपनी समस्या के लिए बार-बार अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

मीडिया से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जन समस्याओं का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण प्राथमिकता होगी। उन्होंने विशेष रूप से आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें समयबद्ध तरीके से निपटाने के निर्देश दिए।

डॉ. लाठर ने कहा कि मुख्यालय पर शिकायत लेकर आने वाले लोगों का पूरा दिन खराब हो जाता है, इसलिए उनकी समस्या का समाधान उसी दिन करने का प्रयास होना चाहिए, ताकि पीड़ित को तत्काल राहत मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फील्ड में जाकर समस्याओं का वास्तविक आकलन करें और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करें।

विकास कार्यों को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी विकास परियोजनाएं गुणवत्ता के साथ और निर्धारित समय सीमा में पूरी होनी चाहिए। इसके साथ ही जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर देते हुए उन्होंने जमीन विवाद से जुड़े मामलों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।

मीडिया की भूमिका को अहम बताते हुए जिलाधिकारी ने पत्रकारों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी मामले में आलोचना होती है तो उसे सकारात्मक रूप से लेकर सुधार किया जाएगा। साथ ही पत्रकारों को सुझाव देने और विकास कार्यों के प्रचार-प्रसार के माध्यम से जनमानस को जागरूक करने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता के दौरान अपर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, एसडीएम सदर रजनीकांत और जिला सूचना अधिकारी ओमवीर सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।