फर्रुखाबाद: नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर कलेक्ट्रेट में प्रेसवार्ता, महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 17 अप्रैल 2026 कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संबंध में एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट महिला वक्ताओं ने भाग लेते हुए अधिनियम के प्रावधानों, महत्व और महिलाओं के सशक्तिकरण में इसकी भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

प्रेसवार्ता में शिक्षाविद एवं पूर्व प्राचार्य डॉ. शशि किरन ने इस अधिनियम को महिला नेतृत्व को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। वहीं चिकित्सक डॉ. सुनीता यादव ने कहा कि महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से समाज के समग्र स्वास्थ्य और विकास पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।

अधिवक्ता श्रीमती उमा मिश्रा ने अधिनियम के विधिक पहलुओं की जानकारी देते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन की आवश्यकता पर बल दिया। पर्यावरणविद श्रीमती गुंजा जैन ने महिलाओं की भागीदारी को सतत विकास से जोड़ते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण के लिए भी महत्वपूर्ण बताया।

इसके अलावा स्वयं सहायता समूह से जुड़ी श्रीमती गुंजन एवं सुश्री नम्रता, तथा एफपीओ से संबंधित श्रीमती पूनम पाल ने ग्रामीण और आर्थिक क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में अधिक सशक्त बनाएगा।

प्रेसवार्ता के दौरान सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेगा और देश के समग्र विकास में उनकी भागीदारी को और मजबूत करेगा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।