फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 16 अप्रैल 2026 जनपद में गेहूं की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में फार्मर रजिस्ट्री संबंधी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों के साथ विपणन विभाग के कार्मिक भी मौजूद रहे।
बैठक में उप कृषि निदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में संचालित सभी गेहूं क्रय केंद्रों पर केवल उन्हीं किसानों से खरीद की जाएगी, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होगी। ऐसे में सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि समितियों से जुड़े प्रत्येक किसान की शत-प्रतिशत रजिस्ट्री सुनिश्चित कराई जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया का प्रशिक्षण भी दिया गया। सभी के मोबाइल में “फार्मर सहायक एप” इंस्टॉल कराया गया और मौके पर ही रजिस्ट्री बनाकर पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि किसान स्वयं भी इस रजिस्ट्री को आसानी से करा सकते हैं। इसके लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर, आधार संख्या और खतौनी की आवश्यकता होगी। किसान जनसेवा केंद्र या मोबाइल एप के माध्यम से भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि यदि किसी गेहूं क्रय केंद्र पर ऐसा किसान आता है, जिसकी फार्मर रजिस्ट्री नहीं बनी है, तो मौके पर ही उसकी रजिस्ट्री कराते हुए गेहूं की खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई जाए।
प्रशासन के इस फैसले से गेहूं खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
