फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अप्रैल 2026 जनपद में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए मेजर एस.डी. सिंह यूनिवर्सिटी द्वारा भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं और उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह रैली ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ एवं ‘मिशन शक्ति’ अभियान के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से निकाली गई। रैली का मुख्य लक्ष्य महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना रहा।
रैली में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां और बैनर लेकर समाज को “सशक्त नारी, सशक्त भारत” का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें और किसी भी प्रकार के अपराध के खिलाफ आवाज उठाएं।
रैली के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का प्रयास किया गया, जिससे महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें सशक्त बनाया जा सके। कार्यक्रम का समापन विश्वविद्यालय परिसर में हुआ, जहां प्रतिभागियों ने महिला सशक्तिकरण के संकल्प को दोहराया।
