फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 अप्रैल 2026 नारी शक्ति वंदन अधिनियम के उपलक्ष्य में आज सदर विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं द्वारा एक भव्य स्कूटी और बाइक रैली का आयोजन किया गया। शहर के टाउन हॉल से शुरू हुई यह रैली भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा के नेतृत्व में निकाली गई, जो त्रिपोलिया चौक से होते हुए बद्री विशाल डिग्री कॉलेज पर जाकर संपन्न हुई।
रैली में बड़ी संख्या में भाजपा महिला कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। सभी महिलाएं हाथों में स्लोगन लिखी तख्तियां लिए हुए नारे लगाते हुए आगे बढ़ रही थीं। “नरेंद्र मोदी जिंदाबाद” और “नारी शक्ति जिंदाबाद” जैसे नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को 33% आरक्षण प्रदान करना एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि इस कानून का उद्देश्य महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाना और उन्हें नीति निर्माण में सीधे शामिल करना है। उन्होंने यह भी कहा कि मातृशक्ति को केवल वोट बैंक तक सीमित न रखकर समाज में उनकी सर्वोच्च भागीदारी सुनिश्चित करना जरूरी है।
जिला उपाध्यक्ष रश्मि दुबे ने इस अधिनियम को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से महिलाओं को सम्मान और अधिकार दोनों मिलेंगे। वहीं जिला मंत्री श्वेता दुबे ने कहा कि यह अधिनियम संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33% आरक्षण देकर उनकी राजनीतिक स्थिति को मजबूत करेगा।
कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की गई कि इस रैली के माध्यम से पूरे जनपद में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे प्रत्येक विधानसभा और मंडल स्तर पर महिलाओं तक इस ऐतिहासिक निर्णय की जानकारी पहुंचाई जा सके।
इस कार्यक्रम में जिला मंत्री प्रतिभा राजपूत, हिना दवे, रमला राठौर, चित्रा अग्निहोत्री, ममता सक्सेना, सुजाता सिंह, बिटाना चौहान, सुमन राजपूत, अलका सिंह, मीना मिश्रा, अनु शुक्ला, रुचि बाजपेई, मीरा सिंह, किरण सिंह, यशोदा सिंह, डोली भारद्वाज, सुखदेवी मिश्रा, अफजिला खान, मधु मिश्रा सहित कई अन्य कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
रैली के सफल आयोजन ने महिलाओं में राजनीतिक जागरूकता और भागीदारी को लेकर एक नया संदेश दिया।
