फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अप्रैल 2026 भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर चन्द्राणा सेना व अंबेडकर आर्मी के तत्वाधान में एक भव्य मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व चन्द्राणा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू कुशवाहा ने किया।
रैली के दौरान शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के विचारों—समता, समानता, बंधुत्व और भाईचारे—का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। इस अवसर पर लालू कुशवाहा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शिक्षित बनें और बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलें।
कार्यक्रम में अंबेडकर आर्मी की राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेश गौतम, भाजपा नेता अवनीश शाक्य, जन अधिकार पार्टी के मंडल अध्यक्ष सुदेश शाक्य सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। इसके अलावा अरुण गौतम, मोहन लाल राजपूत, अवनीश राजपूत, राहुल दिवाकर, आयुष अशोलिया, राजेश राठौर, अरुण प्रताप और सतीश कुशवाहा कोटेदार समेत अनेक कार्यकर्ताओं ने भी रैली में सहभागिता की।
रैली के दौरान जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया और बाबा साहब के विचारों को अपनाने का संकल्प लिया। यह रैली न केवल एक आयोजन थी, बल्कि सामाजिक जागरूकता और अधिकारों के प्रति चेतना फैलाने का एक सशक्त माध्यम भी बनी।
