फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 14 अप्रैल 2026 भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा पूरे जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान सभी मंडलों, बूथों, शक्ति केंद्रों एवं विधानसभा स्तर पर अंबेडकर प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ स्वच्छता अभियान चलाकर जयंती को उत्साहपूर्वक मनाया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने भोजपुर विधानसभा के जहानगंज मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत महरूपुर बीजल में अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने सामाजिक समरसता का संदेश देकर देश को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और पूरा राष्ट्र उनके योगदान का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने बताया कि जनपद के सभी बूथों पर कार्यकर्ता अंबेडकर जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर रहे हैं तथा प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान भी चला रहे हैं।
इस दौरान पूर्व जिला मंत्री गुरु चरण आजाद, पूर्व मंडल अध्यक्ष अरविंद कटिहार, ग्राम प्रधान महेश कटिहार, वीरपाल राजपूत सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जिला अध्यक्ष ने ग्राम पंचायत नगरीया देवधारापुर में भी बूथ कार्यकर्ताओं के साथ अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया।
ग्राम अजमतपुर में आयोजित कार्यक्रम में अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने अंबेडकर जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबासाहेब न केवल एक विधिवेत्ता और दार्शनिक थे, बल्कि एक महान समाजशास्त्री और अर्थशास्त्री भी थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उनके विचारों से प्रेरणा लेकर गरीब, शोषित, दलित और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
अमृतपुर स्थित अंबेडकर पार्क में आयोजित गोष्ठी को भी विधायक ने संबोधित किया, जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष नीरज अवस्थी ने की। जिला मंत्री अनुराग सिंह ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने संविधान निर्माण के माध्यम से देश को सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार प्रदान किया।
कायमगंज विधानसभा के ग्राम चिलौली में पूर्व राज्य महिला आयोग सदस्य डॉ. मिथिलेश अग्रवाल ने अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने कहा कि बाबासाहेब ने समाज के हर वर्ग को सशक्त बनाने का कार्य किया और उनके आदर्शों को अपनाकर ही एक समावेशी समाज का निर्माण संभव है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष देवेंद्र दुबे, अखिलेश शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
जिला मंत्री शिव मोहन सिंह ने कमालगंज ब्लॉक के ग्राम खुदागंज में अंबेडकर प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। वहीं आवास विकास स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, पूर्व सभासद प्रबल त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक बाथम सहित अन्य पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस प्रकार पूरे जनपद में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास, श्रद्धा और सामाजिक संदेश के साथ मनाई गई।
