नीतीश कुमार के हटते ही ये क्या! एक्शन में अनंत सिंह, अब सम्राट चौधरी से करेंगे बात

नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद क्या छोड़ा बिहार में शराब चालू करने की बात होने लगी है. मोकामा से जेडीयू के विधायक अनंत सिंह इसके लिए सम्राट चौधरी से बात करेंगे. सम्राट चौधरी अब बिहार के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं. मंगलवार (14 अप्रैल, 2026) को उन्होंने इस पर मीडिया से बातचीत में बड़ा बयान दिया है.

पत्रकारों ने सवाल किया कि बिहार में सम्राट आ रहे हैं, क्या शराब शुरू होगी? इस पर अनंत सिंह ने कहा, “दारू चालू होना चाहिए… नशा-पानी बहुत खराब-खराब हो गया है.” मीडिया ने पूछा क्या सूखा नशा बढ़ गया है? सम्राट चौधरी से बात करेंगे? इस पर अनंत सिंह ने कहा, “…बात होबे न करेगा.”

बिहार की कमान अब सम्राट चौधरी के हाथ में होगी. बुधवार (15 अप्रैल, 2026) को वे सीएम पद की शपथ लेंगे. उन्हें एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया है. इस पर अनंत सिंह ने सम्राट चौधरी को बधाई दी. कहा कि वे खूब काम करें.

पूछा गया कि निशांत कुमार उपमुख्यमंत्री बनें ये चाहेंगे? वो मान नहीं रहे. इस पर जेडीयू विधायक ने कहा, “हां बनेंगे…”. नीतीश कुमार की कमी खलेगी? इस पर उन्होंने कहा, “मालिक वही रहेंगे… उन्हीं के इशारे पर काम होगा… कमी क्या खलेगी.”

अनंत सिहं ने यह भी कहा कि जो नीतीश कुमार आदेश करेंगे वही सम्राट चौधरी काम करेंगे. नीतीश कुमार जो आदेश करेंगे वो काम होता रहेगा. क्या आप भी चाहते हैं कि सरकार में मंत्री बनें? इस पर अनंत सिंह ने कहा कि नहीं हम नहीं चाहते हैं.