फर्रुखाबाद: संकिसा में भाजपा का प्रशिक्षण महाअभियान, कार्यशाला में संगठन मजबूती पर दिया गया जोर

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 11 अप्रैल 2026 भारतीय जनता पार्टी के प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत शनिवार को नीव करौली मंडल की एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन संकिशा स्थित अंदाज़ मैरिज हॉल में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एवं जिला संगठन प्रभारी शिवमहेश दुबे उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि शिवमहेश दुबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जिसकी स्थापना वर्ष 1980 में राष्ट्रवाद और भारत की अखंडता को मजबूत करने के उद्देश्य से हुई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में देश तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार से प्रभावित रहा, लेकिन वर्ष 1996 में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने के बाद देश में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला।

उन्होंने आगे कहा कि आतंकवाद और भ्रष्टाचार पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए गए, जिसमें परमाणु परीक्षण जैसे ऐतिहासिक निर्णय शामिल हैं। वर्ष 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में भाजपा सरकार बनने के बाद देश ने विकास की नई दिशा पकड़ी और गरीब कल्याण की कई योजनाएं लागू की गईं, जिनकी गूंज वैश्विक स्तर पर सुनाई दे रही है।

शिवमहेश दुबे ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि सभी को मिलकर 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने विपक्षी दलों पर समाज में जातिगत भेदभाव फैलाने का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं को सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।

उन्होंने दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना ही संगठन का प्रमुख लक्ष्य है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अनुशासित होकर संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना होगा।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, मंडल प्रभारी कुलदीप दुबे, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अतुल दीक्षित, वर्तमान जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, संकिशा चेयरमैन प्रतिनिधि राहुल राजपूत, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, पूर्व मंडल अध्यक्ष राम लड़ैते वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष छात्रपाल सिंह, नामित सभासद मनोज चतुर्वेदी, डॉ. अभिषेक ठाकुर, विकास सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यशाला का उद्देश्य नव नियुक्त पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों, कार्यशैली एवं विचारधारा से अवगत कराना था, जिससे वे संगठन को और अधिक मजबूत बना सकें।