फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अप्रैल 2026 शासन के निर्देशानुसार जनपद में सभी किसानों, विशेषकर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभार्थियों की फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का कार्य अभियान के रूप में तेज़ी से चलाया जा रहा है। भारत सरकार द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि योजना की अगली किस्त का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी फॉर्मर रजिस्ट्री आईडी तैयार हो चुकी होगी।
जनपद स्तर पर इस कार्य को प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक राजस्व ग्राम में कार्मिकों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि अधिक से अधिक किसानों की रजिस्ट्री समय से पूर्ण कराई जा सके।
इसी क्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ द्वारा 08 अप्रैल 2026 को कार्य की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर उन्होंने कड़ा रुख अपनाते हुए 169 पंचायत सहायकों, 23 पंचायत सचिवों, 44 लेखपालों तथा 17 ग्राम रोजगार सेवकों के विरुद्ध प्रशासनिक कार्रवाई करने के निर्देश संबंधित विभागाध्यक्षों को दिए हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकता वाली इस योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता से करते हुए निर्धारित समय सीमा में फॉर्मर रजिस्ट्री का कार्य पूर्ण करें, जिससे किसानों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।
