फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 09 अप्रैल 2026 जनपद में आबकारी विभाग द्वारा देशी शराब, कम्पोजिट एवं भांग की दुकानों के व्यवस्थापन हेतु ई-लॉटरी प्रक्रिया कलेक्ट्रेट सभागार में सफलतापूर्वक सम्पन्न कराई गई। यह प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ अधिकारियों की निगरानी में आयोजित की गई।
ई-लॉटरी प्रक्रिया जिलाधिकारी एवं लाइसेंस प्राधिकारी श्री आशुतोष कुमार द्विवेदी, पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरती सिंह, आबकारी आयुक्त द्वारा नामित सदस्य श्री देवेन्द्र रावत (सहायक आबकारी आयुक्त) तथा जिला आबकारी अधिकारी श्री जी.पी. गुप्ता की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इस दौरान आबकारी विभाग के समस्त निरीक्षक, स्टाफ और बड़ी संख्या में आवेदक मौजूद रहे।
जिला आबकारी अधिकारी ने जानकारी दी कि कुल 13 दुकानों के लिए 240 आवेदन प्राप्त हुए थे। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए पहले सिमुलेशन (मॉक ट्रायल) के माध्यम से आवेदकों को प्रक्रिया की जानकारी दी गई। देशी शराब की राजेन्द्र नगर दुकान (65 आवेदन), कम्पोजिट दुकान बराकेशव (42 आवेदन) तथा भांग की दुकानों पर भी सिमुलेशन का प्रदर्शन किया गया।
इसके बाद फाइनल रैंडमाइजेशन के जरिए देशी शराब की 7 दुकानों का आवंटन किया गया। रेलवे रोड पर मंजू देवी, इकलहरा में प्रभात कुमार गुप्ता, रामनगर में सरला देवी, शिकारपुर में रमेश, भोजपुर में बृजेश कुमार, कुम्हरौर में अरुण प्रताप सिंह तथा राजेन्द्र नगर में पवन कुमार को दुकानें आवंटित की गईं।
कम्पोजिट की 3 दुकानों में बहबलापुर से ऋषिदेव, बराकेशव से धर्मा तथा सिनौड़ा से विष्णु प्रकाश गुप्ता को आवंटन मिला। वहीं भांग की 3 दुकानों में किराना बाजार से दिलदीप कुमार गुप्ता, नितगंजा से सनी तथा साहबगंज से मनीषा वर्मा को दुकानें दी गईं।
पूरी ई-लॉटरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुई, जिससे सभी आवेदकों को समान अवसर सुनिश्चित किया गया।
