फर्रुखाबाद: जिला जज से शहर कोतवाल दर्शन सिंह सोलंकी को बड़ी राहत, 7 दिन की सजा पर रोक

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 08 अप्रैल 2026 जनपद के शहर कोतवाल दर्शन सिंह सोलंकी को मंगलवार को बड़ी राहत मिली है। जिला जज नीरज कुमार की अदालत ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) कोर्ट द्वारा सुनाई गई 7 दिन के कारावास की सजा पर अस्थायी रोक लगा दी है। यह आदेश सजा सुनाए जाने के करीब 72 घंटे बाद जारी हुआ।

मंगलवार दोपहर कोतवाल दर्शन सिंह सोलंकी अपने अधिवक्ता महेश यादव और बार एसोसिएशन के महासचिव कुंवर सिंह यादव के साथ जिला जज की अदालत में पेश हुए। उन्होंने एसीजेएम कोर्ट के आदेश के खिलाफ अपील दाखिल करते हुए सजा के क्रियान्वयन पर रोक लगाने की मांग की।

अपील में कोतवाल की ओर से दलील दी गई कि एसीजेएम अदालत का आदेश विधि विरुद्ध है और बिना पर्याप्त सुनवाई का अवसर दिए जल्दबाजी में पारित किया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि संबंधित धाराएं इस मामले में लागू नहीं होती हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला जज ने एसीजेएम न्यायालय से मूल पत्रावली तलब कर ली है। दिनभर चली कानूनी प्रक्रिया के बाद शाम को अदालत ने सजा पर रोक लगाने का आदेश जारी कर दिया।

अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 30 अप्रैल की तारीख निर्धारित की है। इस फैसले के बाद फिलहाल कोतवाल को बड़ी राहत मिल गई है, जबकि पूरे मामले पर अब अगली सुनवाई में विस्तृत बहस होगी।