निशांत का अनुभव ‘जीरो बटा सन्नाटा’: बोले तेज प्रताप, बिहार को लेकर तेजस्वी को दी नसीहत

जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने मंगलवार को पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने निशांत कुमार, नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव और शराबबंदी सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। तेज प्रताप यादव ने कहा कि पटना में बोरिंग रोड पर महिलाएं सिगरेट पीती हुई नजर आती हैं। महिलाएं सिगरेट का धुआं उड़ाती हैं और पुरुष उनका मुंह देखते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में कोई शराबंदी नहीं रही। खुलेआम शराब का सेवन किया जा रहा है।

तेज प्रताप यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए राजद नेता तेजस्वी यादव को भी नसीहत दी। तेजस्वी के केरल में बिहार को लेकर दिए बयान को लेकर जब तेज प्रताप से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि तेजस्वी को दूसरे राज्यों में जाकर बिहार को ‘गरीब’ नहीं कहना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘बिहार के बाहर या देश के बाहर जाकर अपने राज्य की बुराई करना पूरी तरह गलत है। बिहार के युवाओं का दिल बहुत बड़ा है, तेजस्वी को राज्य की छवि को इस तरह धूमिल नहीं करना चाहिए।’

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के उपमुख्यमंत्री बनने की चर्चाओं पर तेज प्रताप ने बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार अगर डिप्टी सीएम बनते हैं तो ये खुशी की बात है। लेकिन जहां तक राजनीति का सवाल है, उनका अनुभव अभी ‘जीरो बटा सन्नाटा’ है। उन्होंने कहा कि तेज प्रताप ने यह भी जोड़ा कि उम्र में बड़े होने के नाते वह निशांत का सम्मान करते हैं। उन्होंने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि जब मैं राजनीति में आया था तब मेरे पास भी अनुभव नहीं था, लेकिन समय के साथ बहुत कुछ सीखा।