फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 07 अप्रैल 2026 जनपद के लिए आज का दिन गर्व और उपलब्धि से भरा रहा, जब भारत कौशल प्रतियोगिता 2025-26 में यहां के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।
मंडल स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में कानपुर मंडल के विभिन्न जनपदों के प्रतिभागियों ने 20 अलग-अलग कौशल विधाओं में भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फर्रुखाबाद के कुल 64 प्रतिभागी प्रदेश स्तर के लिए चयनित हुए।
प्रदेश स्तर पर भी जिले के प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। पूरे प्रदेश में जहां 20 स्वर्ण, 20 रजत और 20 कांस्य पदक विजेताओं का चयन किया गया, वहीं अकेले फर्रुखाबाद से 3 प्रतिभागियों ने सफलता हासिल की। यह तीनों प्रतिभागी राजकीय आईटीआई, फर्रुखाबाद के प्रशिक्षार्थी रहे हैं।
इनमें गम्भीर सिंह ने ब्यूटी थेरेपी में स्वर्ण पदक, करन कुमार ने सीएनसी मिलिंग में स्वर्ण पदक, श्रवण कुमार ने ऑटोमोबाइल टेक्नोलॉजी में रजत पदक प्राप्त किया।
इसके बाद उत्तर भारत स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में 9 राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें उत्तर प्रदेश से 11 प्रतिभागी विजयी हुए। इस स्तर पर भी फर्रुखाबाद के गम्भीर सिंह ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 50,000 रुपये की पुरस्कार राशि के साथ रजत पदक हासिल किया।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिता में देशभर के प्रतिभागियों ने 63 कौशल विधाओं में भाग लिया, जिसमें उत्तर प्रदेश के 7 प्रतिभागी विजयी रहे। इन विजेताओं में फर्रुखाबाद के गम्भीर सिंह ने पुनः अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए 50,000 रुपये की पुरस्कार राशि के साथ कांस्य पदक प्राप्त किया।
अब गम्भीर सिंह का चयन अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के एलिमिनेशन राउंड के लिए हुआ है, जो 9 मई को दुबई में आयोजित होगा। इसके बाद विश्व कौशल प्रतियोगिता चीन के वीजिंग (बीजिंग) शहर में आयोजित की जाएगी।
जनपद और आईटीआई के लिए यह उपलब्धि बेहद गौरवपूर्ण मानी जा रही है। स्थानीय स्तर पर खुशी का माहौल है और प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की जा रही है।
