बिजनौर:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अप्रैल 2026 प्रशांत सैनी हत्याकांड को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस मामले में कार्रवाई में कथित देरी को लेकर कुशवाहा मौर्य शाक्य सैनी कल्याण एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश चंद्र कुशवाहा ने मुरादाबाद मंडल के कमिश्नर एवं आईजी से हस्तक्षेप की मांग करते हुए बिजनौर प्रशासन को 5 अप्रैल से पहले आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश देने की अपील की है।
गिरीश चंद्र कुशवाहा ने आरोप लगाया कि बिजनौर जिला प्रशासन हत्यारोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने में ढिलाई बरत रहा है, जिससे समाज में भारी नाराजगी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई, तो प्रदेशभर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
इसी क्रम में 5 अप्रैल को बिजनौर के चांदपुर में एक विशाल आक्रोश पंचायत एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से सैनी समाज के प्रमुख नेता और बुद्धिजीवी शामिल होंगे। सभा में प्रशांत सैनी को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की, तो उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार होगा।
प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन बढ़ते जनदबाव को देखते हुए आने वाले दिनों में कार्रवाई तेज होने की संभावना जताई जा रही है।
