फर्रुखाबाद: हत्या के आरोप में वांछित अभियुक्त गिरफ्तार, खेत से बरामद हुआ शव

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 01 अप्रैल 2026 जनपद के थाना अमृतपुर क्षेत्र में हत्या के एक गंभीर मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। एसओजी, सर्विलांस टीम एवं थाना अमृतपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अभियुक्त रामू यादव को गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन के निर्देशन एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार, अभियुक्त रामू यादव पुत्र अजयपाल यादव निवासी ग्राम गूजरपुर पमारान थाना अमृतपुर जनपद फतेहगढ़ को मु0अ0सं0 140/25 धारा 140(1)/103(1)/238 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना की शुरुआत 20 जुलाई 2025 को हुई, जब आवेदिका का पुत्र शाम करीब 8 बजे घर से बिना बताए कहीं चला गया। अगले दिन 21 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कराई गई। बाद में गुमशुदा की पत्नी द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर 31 अगस्त 2025 को इस मामले को हत्या के मुकदमे में परिवर्तित किया गया और छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और जानकारी के आधार पर मुख्य अभियुक्त रामू यादव की गिरफ्तारी की गई। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर उसके खेत से गुमशुदा युवक का शव बरामद किया। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक फावड़ा भी बरामद किया गया है।

पूछताछ में क्या बोला अभियुक्त?

पुलिस पूछताछ में अभियुक्त ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और बताया कि वह अपना बयान अपने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में प्रस्तुत करेगा।

अपराधिक इतिहास

अभियुक्त के खिलाफ इसी मामले से संबंधित एक आपराधिक मुकदमा थाना अमृतपुर में दर्ज है।

इन टीमों की रही अहम भूमिका

कार्रवाई में थाना अमृतपुर की थानाध्यक्ष श्रीमती रक्षा सिंह की टीम, एसओजी प्रभारी सचिन चौधरी की टीम तथा सर्विलांस प्रभारी संत कुमार व उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।