फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 31 मार्च 2026 रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र, कानपुर श्री हरीश चन्दर की अध्यक्षता में समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ एक महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जनपद में घटित अपराधों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्यालयी कार्यों को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जाए, जिससे आम जनता को बेहतर पुलिस सेवा मिल सके। साथ ही अपराध की रोकथाम एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
इसी क्रम में पुलिस लाइन सभागार में पुलिस पेंशनर्स की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में पेंशनर्स की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके साथ ही पेंशनर्स को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए उनसे बचाव के उपाय भी बताए गए।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक ने जनप्रतिनिधियों के साथ भी बैठक कर कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए उनके सुझाव प्राप्त किए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पुलिस पेंशनर्सनों ने पुलिस उपमहानिरीक्षक श्री हरीश चन्दर को भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित भी किया।
