फर्रुखाबाद में भाकियू टिकैत की चेतावनी—जमीन अधिग्रहण और आलू मंडी मुद्दे पर होगा बड़ा आंदोलन

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 मार्च 2026 भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय महासचिव राजवीर सिंह जादौन ने आज जिला कार्यालय नेकपुर चौरासी, फर्रुखाबाद पहुंचकर प्रेस वार्ता की और जिला पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान उन्होंने लिंक एक्सप्रेसवे के लिए हो रहे जमीन अधिग्रहण और सातनपुर आलू मंडी में किसानों के साथ हो रही कथित लूट पर प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी।

प्रेस वार्ता में जादौन ने कहा कि फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे के लिए किसानों की जमीन जबरदस्ती अधिग्रहित नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले पर संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत की नजर बनी हुई है। सरकार पहले किसानों को उचित मुआवजा दे, उसके बाद ही अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करे।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी किसान पर दबाव बनाया गया या जबरन जमीन लेने की कोशिश की गई तो किसान यूनियन इसका पुरजोर विरोध करेगी और इसे किसानों की जमीन पर “दिनदहाड़े डकैती” नहीं होने देगी।

इसके साथ ही उन्होंने एशिया की बड़ी मानी जाने वाली सातनपुर आलू मंडी में व्याप्त समस्याओं को भी गंभीर बताया। जादौन ने आरोप लगाया कि मंडी में व्यापारी और अधिकारी मिलकर किसानों का शोषण कर रहे हैं, जिससे आलू उत्पादक किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की स्थिति बेहद दयनीय है और इसे देखकर वे खुद भावुक हो गए।

उन्होंने जिला प्रशासन, खासतौर पर जिलाधिकारी से मांग की कि इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर किसानों को राहत दिलाई जाए। अन्यथा, दोनों मुद्दों—जमीन अधिग्रहण और मंडी शोषण—को लेकर जनपद में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में राकेश टिकैत से भी वार्ता हो चुकी है और जल्द ही आंदोलन की तारीख घोषित की जाएगी।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अजय कटियार, प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद शाक्य, मंडल उपाध्यक्ष लक्ष्मी शंकर जोशी, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल मिश्रा, ब्रजेश गंगवार, संजीव सोमवंशी, जिला प्रवक्ता गोपी शाक्य, जिला महासचिव अभय यादव, संगठन मंत्री अरविंद गंगवार, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, मीडिया प्रभारी मुकेश शर्मा सहित कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।