फर्रुखाबाद: कायमगंज में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ, सस्ती दवाइयों से मिलेगा आमजन को बड़ा राहत

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 28 मार्च 2026 जनपद के कायमगंज विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज कंपिल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र की विधायिका डॉ. सुरभि गंगवार एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अवनींद्र कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधायिका डॉ. सुरभि गंगवार ने कहा कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के खुलने से क्षेत्र के लोगों को अब कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी। इससे खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ होंगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया कि केंद्र सरकार की इस योजना का उद्देश्य लोगों को सस्ती और प्रभावी दवाइयां उपलब्ध कराना है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच आमजन तक आसान हो सके। उन्होंने कहा कि इस केंद्र के माध्यम से क्षेत्र के मरीजों को ब्रांडेड दवाइयों के मुकाबले काफी कम कीमत पर जेनेरिक दवाइयां मिलेंगी।

इस मौके पर स्थानीय स्वास्थ्य कर्मियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में सभी ने क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

यह जन औषधि केंद्र क्षेत्र के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है, जिससे लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर सुविधा और आर्थिक राहत दोनों मिलेंगी।