फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 26 मार्च 2026 सातनपुर आलू मंडी में किसानों के साथ हो रही कथित अनियमितताओं और शोषण को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष अजय कटियार ने गुरुवार सुबह मंडी पहुंचकर हालात का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई गंभीर खामियां मिलीं, जिस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है।
अजय कटियार जब सुबह करीब 9 बजे मंडी सचिव से मिलने उनके कार्यालय पहुंचे, तो कार्यालय बंद मिला। इसके बाद उन्होंने किसानों के लिए बनाए गए किसान भवन का निरीक्षण किया, जहां धान क्रय केंद्र का बोर्ड लगा मिला और भवन पर ताला बंद था। उन्होंने कहा कि दूर-दूर से आने वाले किसानों के ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडी के भ्रमण के दौरान कटियार ने आरोप लगाया कि आलू की बिक्री अभी भी “अंगौछे के अंदर” की जा रही है, जिससे किसानों को उनकी फसल का सही मूल्य पता नहीं चल पाता। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से संगठन मंडी की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है और इस तरह की बिक्री के वीडियो भी जुटाए गए हैं।
कटियार ने कहा कि जिला अधिकारी के स्पष्ट निर्देश हैं कि आलू की बिक्री खुली बोली के माध्यम से होनी चाहिए, लेकिन इन निर्देशों का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मंडी सचिव का कार्यालय ही समय पर नहीं खुलता, तो किसानों की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।
उन्होंने आगे चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इन अनियमितताओं पर रोक नहीं लगाई गई, तो भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) बड़ा आंदोलन करेगी। साथ ही, उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले से संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत को अवगत कराया जाएगा और उनके नेतृत्व में आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।
अजय कटियार ने प्रशासन से मांग की है कि मंडी में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, दोषी आढ़तियों पर कार्रवाई हो और किसानों को मिलने वाली सभी सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने साफ कहा कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
