गोला गोकर्णनाथ : (द दस्तक 24 न्यूज) गोला गोकर्णनाथ क्षेत्र में रेलगाड़ियों से गोवंशों की लगातार हो रही मौतों और उसके बाद रेलवे प्रशासन की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। भारतीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया ताजा मामला दिनांक 25 मार्च 2026 दिन बुधवार का है, जब शाम लगभग 7:00 बजे गोरखपुर एक्सप्रेस (15010) से टकराकर एक गोवंश की मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के बाद रेलवे विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों ने मृत गोवंश का विधिवत अंतिम संस्कार कराने के बजाय उसे किनारे फेंक दिया गया। इस अमानवीय स्थिति के चलते शव को कई घंटों तक कुत्ते और अन्य जानवर नोचते रहे, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। उन्होंने बताया यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले 18 मार्च 2026 को मैलानी-डालीगंज पैसेंजर (55083) से भूतनाथ फाटक के पास एक गोवंश की मृत्यु हुई थी। उस समय भी रेलवे कर्मचारियों ने केवल शव को पटरी से हटाकर किनारे डाल दिया जिसे कुत्ते व अन्य जानवर रात भर नोचते रहे और अंतिम संस्कार की कोई व्यवस्था नहीं की गई। घटना की सूचना मिलते ही भारतीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष अनूप गुप्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी ललित वर्मा, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अम्बर सिंह तथा पशु चिकित्साधिकारी अमित काद्यान्न को कुधवा क्रॉसिंग के पास घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गोला क्षेत्र में आए दिन रेलगाड़ियों की चपेट में आने से गोवंशों की घटनाएं हो रही हैं। रेलवे प्रशासन केवल ट्रैक और प्लेटफॉर्म को खाली कराने तक ही सीमित रहता है लेकिन मृत गोवंशों के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की कोई व्यवस्था नहीं करता। इससे न केवल धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं, बल्कि यह मानवीय दृष्टिकोण से भी अत्यंत चिंताजनक है। इस संबंध में जिलाध्यक्ष द्वारा माननीय डीआरएम महोदय पूर्वांतर रेलवे लखनऊ को ऑनलाइन शिकायत पत्र भेजकर उच्चाधिकारियों से दोषी रेलवे कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। स्थानीय लोगों ने भी मांग की है कि इस गंभीर मामले में संबंधित रेलवे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
लखीमपुर खीरी : ट्रेन से टकराकर गोवंश की मौत, रेलवे की लापरवाही पर बजरंग दल ने उठाए सवाल
