फर्रुखाबाद: प्रिया शाक्य ने सम्राट अशोक जयंती पर किया नमन, शांति और मानवता का दिया संदेश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 25 मार्च 2026 जनपद के ग्राम राजेपुर टप्पा मंडल स्थित यशोधरा बुद्ध विहार में चक्रवर्ती सम्राट अशोक महान की जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कन्नौज की जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए सम्राट अशोक को नमन किया और उनके आदर्शों को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रिया शाक्य ने कहा कि सम्राट अशोक का जीवन त्याग, करुणा और मानवता की अनुपम मिसाल है। उन्होंने कहा कि अशोक ने अपनी शक्ति का उपयोग जनकल्याण, शांति और धर्म के प्रसार के लिए किया, जो आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने सभी से अपील की कि हम उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज में शांति और सद्भाव स्थापित करें।

इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों के साथ इस गौरवपूर्ण अवसर को साझा किया गया। कार्यक्रम में सम्राट अशोक के विचारों और उनके द्वारा दिए गए अहिंसा एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम के अंत में भगवान बुद्ध से सभी के जीवन में सुख, शांति, सद्भाव और समृद्धि की कामना की गई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने चक्रवर्ती सम्राट अशोक जयंती की हार्दिक बधाई देते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया।