फर्रुखाबाद में गैस आपूर्ति व्यवस्था पर सख्ती, जिलाधिकारी ने दिए कड़े निर्देश

फर्रूखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 24 मार्च 2026 जनपद में आवश्यक पेट्रोलियम पदार्थों की सुचारु उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ० आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में समस्त गैस वितरकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी सुरेन्द्र यादव, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी अनिल कुमार यादव, एलपीजी आईओसीएल के बिक्री प्रबंधक दीपक राणा, बीपीसीएल के सहायक बिक्री प्रबंधक ग्रीश सहित सभी पूर्ति निरीक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाने के लिए कई अहम दिशा-निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी गैस एजेंसी संचालक प्रतिदिन अपने शोरूम पर स्वयं उपस्थित रहें और आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें।

गैस बुकिंग के नए नियम लागू

बैठक में घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के लिए नए समय अंतराल निर्धारित किए गए हैं—

14.2 किग्रा सिलेंडर: 25 दिन (ग्रामीण व शहरी)

5 किग्रा सिलेंडर: 9 दिन

10 किग्रा सिलेंडर: 18 दिन

उज्ज्वला योजना (14.2 किग्रा): 45 दिन

उज्ज्वला योजना (5 किग्रा): 16 दिन

KYC और डिजिटल बुकिंग अनिवार्य

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि बिना KYC और बुकिंग के किसी भी उपभोक्ता को गैस रिफिल न दिया जाए। उपभोक्ता अब अपने स्मार्टफोन से ही KYC और बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए “इंडियन ऑयल वन”, “हैलो बीपीसीएल” और “एचपी पे” जैसे मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है। गैस एजेंसियों को इनकी जानकारी के लिए बैनर और पंपलेट के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।

व्यावसायिक उपयोग पर सख्त निगरानी

व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट या अन्य संस्थान में घरेलू सिलेंडर का उपयोग पाया गया, तो संबंधित के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण और छापेमारी अभियान तेज होगा

जिलाधिकारी ने प्रवर्तन टीम को नियमित निरीक्षण और छापेमारी करने के निर्देश दिए हैं, जिसमें पुलिस बल की भी सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

उपभोक्ताओं को घर बैठे मिलेगी गैस

एलपीजी बिक्री प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि वे गैस वितरकों से सतत संपर्क में रहकर रिफिल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि उपभोक्ताओं को एजेंसी के चक्कर न लगाने पड़ें और होम डिलीवरी व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सके।

जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि जनपद में गैस और अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की पर्याप्त उपलब्धता है और आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।