फर्रुखाबाद: 4 घंटे की जद्दोजहद के बाद किसान को मिला ‘6 आर’ का हक, सातनपुर आलू मंडी में हंगामा

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 मार्च 2026 जनपद की सातनपुर आलू मंडी में सोमवार को एक किसान को अपने हक के लिए करीब चार घंटे तक संघर्ष करना पड़ा। आखिरकार प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद किसान को ‘6 आर’ का लाभ दिलाया गया।

ग्राम सभा गुतासी निवासी किसान एवं भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला संगठन मंत्री अरविंद गंगवार अपने फुलवा आलू की बिक्री के लिए मंडी पहुंचे थे। उन्होंने अपना आलू राजू गुप्ता की आढ़त, राजेश कुमार-मुकेश कुमार की दुकान पर बेचा, जहां आलू का भाव 901 रुपये प्रति कुंतल तय हुआ।

बिक्री के बाद जब हिसाब किया गया तो आढ़ती द्वारा 48 किलो के हिसाब से कच्चा पर्चा दिया गया। इस पर किसान ने 49 किलो के हिसाब से पक्का पर्चा और ‘6 आर’ की मांग की, लेकिन आढ़ती ने इसे देने से इनकार कर दिया। इस पर किसान ने भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिलाध्यक्ष अजय कटियार को सूचना दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मंडी सचिव को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद अजय कटियार अपने पदाधिकारियों के साथ मंडी सचिव कार्यालय पहुंचे और मामला जोर पकड़ गया।

करीब चार घंटे की जद्दोजहद और बातचीत के बाद आखिरकार किसान को ‘6 आर’ दिलाया गया। साथ ही मंडी सचिव द्वारा किसान को दो ‘किसान उपहार कूपन’ भी प्रदान किए गए। इन कूपनों के तहत ट्रैक्टर, स्प्रे मशीन सहित अन्य बड़े पुरस्कार दिए जाने की जानकारी दी गई।

इस मौके पर जिला महासचिव अभय यादव, युवा जिलाध्यक्ष अनुज राजपूत, विजय शाक्य, जिला सचिव पुजारी कटियार, रजत गंगवार, बढ़पुर ब्लॉक अध्यक्ष शिवराम शाक्य, रामू यादव, अमित कठेरिया, राघवेंद्र सिंह, अजीत सोमवंशी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

यह मामला मंडियों में किसानों के अधिकारों और पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े करता है।