फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 23 मार्च 2026 उ०प्र० रोजगार मिशन के अन्तर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), ठंडी सड़क परिसर में सोमवार को जिला सेवायोजन कार्यालय फतेहगढ़ द्वारा एक वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोनिका यादव ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि श्रीमती मोनिका यादव ने मेले में पहुंचे युवा अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कौशल विकास एवं उच्च शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और उन्हें अपने बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया।
जिलाधिकारी फर्रुखाबाद ने मेले का निरीक्षण कर विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों और अभ्यर्थियों से संवाद किया तथा व्यवस्थाओं की जानकारी ली। वहीं नोडल प्रधानाचार्य राजवीर सिंह एवं सेवायोजन अधिकारी अमित कुमार तिवारी ने भी अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया।
रोजगार मेले में देश की 64 प्रतिष्ठित कंपनियों—जैसे माई कार, सुजुकी मोटर्स, न्यू हॉलैण्ड ट्रैक्टर, महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा और अशोक लेलैण्ड सहित अन्य—ने प्रतिभाग किया। मेले में कुल 3682 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 1567 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सच्चिदानन्द सागर ने किया। मेले के सफल आयोजन में सेवायोजन कार्यालय एवं आईटीआई संस्थान के अधिकारियों व कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।
