फर्रुखाबाद: संकल्प से सिद्धि के 9 वर्ष पूर्ण होने पर पशुपालन विभाग की विकास प्रदर्शनी, योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मार्च 2026 उत्तर प्रदेश में “संकल्प से सिद्धि, सुरक्षा व सुशासन” के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विकास प्रदर्शनी के तहत आज पशुपालन विभाग द्वारा जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विभागीय योजनाओं की जानकारी आमजन और पशुपालकों तक पहुँचाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम में पशुपालन विभाग के विशेषज्ञों ने पशुपालकों को विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। इसमें 1962 टोल फ्री पशु चिकित्सा सेवा, पशुओं के नियमित टीकाकरण का महत्व, पशु पंजीकरण की आवश्यकता, पशुपालन बीमा योजना तथा नस्ल सुधार योजना के अंतर्गत सेक्स्ड सॉर्टेड सीमन के माध्यम से कृत्रिम गर्भाधान जैसी आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई।

इसके साथ ही नंद बाबा दुग्ध मिशन, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजना एवं मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य पशुपालकों की आय बढ़ाना, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि करना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है।

इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धीरज कुमार शर्मा, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) डॉ. भूपेंद्र प्रताप सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी बढ़पुर सदर डॉ. धनेष कुमार, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अनुज कुमार दुबे सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में पशुपालकों से अपील की गई कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी आय में वृद्धि करें और आधुनिक पशुपालन तकनीकों को अपनाएं।