फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 22 मार्च 2026 कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में आज सार्वजनिक उपक्रम एवं निगम संयुक्त समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर विधायक सुनीलदत्त द्विवेदी ने की, जबकि सदस्य के रूप में विधायक सभाकुंवर एवं विधायक जयप्रकाश चंचल भी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान समिति के माननीय सदस्यों ने जनपद में संचालित विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों एवं निगमों की कार्यप्रणाली, प्रगति और जनहितकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की। अधिकारियों से योजनाओं की वर्तमान स्थिति, वित्तीय प्रबंधन, सेवा वितरण की गुणवत्ता तथा आम जनता को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई।
इस दौरान समिति ने लोहिया अस्पताल में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। समिति ने स्पष्ट रूप से कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।
बैठक में समिति के सदस्यों ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़ी सभी योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्राथमिकता पर करते हुए कार्यों में तेजी लाई जाए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। समिति का भ्रमण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
