फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 20 मार्च 2026 पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान 5.0 के अंतर्गत थाना मऊदरवाजा की मिशन शक्ति टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया।
इस दौरान टीम ने क्षेत्र में पहुंचकर महिलाओं को महिला सशक्तिकरण, लैंगिक अपराधों, नवीन कानूनों तथा साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही उन्हें इन अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए, ताकि वे किसी भी प्रकार की ठगी या शोषण से सुरक्षित रह सकें।
कार्यक्रम के दौरान घरेलू हिंसा से संबंधित कानूनों और सहायता के विकल्पों की जानकारी भी दी गई। टीम ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों जैसे 1090, 112, 181 आदि के बारे में अवगत कराया और बताया कि आपात स्थिति में इन नंबरों का उपयोग कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है।
इसके अतिरिक्त शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। जागरूकता अभियान के अंत में महिलाओं को पंपलेट वितरित कर उन्हें सतर्क और जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।
