फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 15 मार्च 2026 भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में चलाए जा रहे उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में रविवार 15 मार्च 2026 को साक्षरता परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा का आयोजन पूर्वान्ह 10 बजे से सायं 5 बजे तक जनपद के 681 उल्लास-नव भारत साक्षरता केंद्रों (परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों) पर किया गया।
इस परीक्षा के लिए 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के कुल 4295 परीक्षार्थियों का पंजीकरण किया गया था। विकास खंडवार पंजीकरण में बढ़पुर में 514 (जिसमें जिला कारागार फतेहगढ़ के 14 बंदी शामिल), कमालगंज में 665, कायमगंज में 633, मोहम्मदाबाद में 630, शमसाबाद में 640, नवाबगंज में 516 तथा राजेपुर में 697 परीक्षार्थियों का पंजीकरण किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय एवं कार्यक्रम के नोडल अधिकारी राजीव श्रीवास्तव तथा जिला समन्वयक (सामुदायिक सहभागिता) सुनील प्रताप सिंह के नेतृत्व में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराई गई।
आयोजित परीक्षा में कुल 4048 परीक्षार्थियों ने भाग लिया। विकास खंडवार उपस्थिति में बढ़पुर से 470 (जिसमें जिला कारागार फतेहगढ़ के 9 बंदी), कमालगंज से 616, कायमगंज से 615, मोहम्मदाबाद से 622, शमसाबाद से 605, नवाबगंज से 495 तथा राजेपुर से 625 परीक्षार्थी शामिल हुए।
जिला कारागार फतेहगढ़ में भी साक्षरता परीक्षा का आयोजन कराया गया, जहां जेल अधीक्षक अरविन्द कुमार श्रीवास्तव, जेलर गिरीश कुमार, डिप्टी जेलर वैभव कुशवाहा, मुकेश गौड़ तथा श्रीमती सरोज देवी की देखरेख में परीक्षा सकुशल सम्पन्न कराई गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम का उद्देश्य 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर व्यक्तियों को साक्षर बनाना है, ताकि वे पढ़ना-लिखना सीखकर सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। जनपद में आयोजित इस परीक्षा को साक्षरता अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
