फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 12 मार्च 2026 जनपद के फतेहगढ़ स्थित स्व. ब्रह्मदत्त द्विवेदी स्टेडियम में गुरुवार को कानपुर जोन पुलिस की अंतर्जनपदीय कुश्ती, बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग एवं आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता वर्ष-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन आशुतोष कुमार द्विवेदी तथा आरती सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन समारोह के दौरान अधिकारियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। जिलाधिकारी ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करते हैं। पुलिस बल के लिए शारीरिक दक्षता और फिटनेस अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पुलिस कर्मियों के मनोबल और स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने में सहायक होती हैं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अंतर्जनपदीय खेल प्रतियोगिताओं से विभिन्न जनपदों के पुलिस कर्मियों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द भी बढ़ता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए निष्पक्ष एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में कानपुर जोन के विभिन्न जनपदों से आए पुलिस कर्मी कुश्ती, बॉक्सिंग, बॉडी बिल्डिंग और आर्म रेसलिंग जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उद्घाटन के अवसर पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारी, खेल प्रेमी तथा अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।
यह प्रतियोगिता कई दिनों तक चलेगी, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
