फर्रूखाबाद में 15वें वित्त आयोग की धनराशि से विकास कार्यों की समीक्षा, जिलाधिकारी ने दिए प्राथमिकता आधारित चयन के निर्देश

फर्रुखाबाद:(द दस्तक 24 न्यूज़) 27 फरवरी 2026 जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में जनपद के समस्त नगर निकायों में 15वें वित्त आयोग से प्राप्त टाइड ग्रांट एवं अनटाइड ग्रांट तथा अवस्थापना निधि से कराए जाने वाले विकास कार्यों की समीक्षा हेतु जिलास्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी कार्ययोजनाओं की गहन समीक्षा करें और जनहित से जुड़े आवश्यक कार्यों का चयन प्राथमिकता के आधार पर करें। उन्होंने कहा कि उपलब्ध धनराशि का उपयोग पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि नगर क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण सुनिश्चित हो सके।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक निकाय समयबद्ध कार्ययोजना प्रस्तुत करे और स्वीकृत परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूर्ण कराए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), सभी नगर निकायों के अध्यक्ष, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड एवं निर्माण खंड), सभी अधिशासी अधिकारी (ईओ) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलास्तरीय समिति की इस बैठक में नगर विकास कार्यों की प्रगति, प्रस्तावित योजनाओं और बजट उपयोग की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई तथा जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

Leave a Comment